शादी के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 05 शातिर गिरफ्तार







रोहतास। #BiharPolice ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 03 महिलाएं व 02 पुरुष समेत कुल 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 02.01.2026 को डिहरी नगर थाना को सूचना मिली थी कि एक गिरोह राज्य से बाहर के पुरुषों को शादी का झांसा देकर उनसे नकद राशि और कीमती आभूषण ठगकर फरार हो रहा है। सूचना के अनुसार गिरोह द्वारा फर्जी शादी कराकर करीब ₹1,40,000 नकद, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, नथनी एवं साड़ी लेकर अभियुक्त फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को विधिवत अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि इस रैकेट में 03 महिलाएं और 02 पुरुष शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह विशेष रूप से राज्य से बाहर के अधिक उम्र के अविवाहित पुरुषों को निशाना बनाता था। शादी न हो पाने की मजबूरी का फायदा उठाकर गिरोह की महिला से फर्जी विवाह कराया जाता और फिर शादी के नाम पर मोटी रकम व आभूषण लेकर सभी फरार हो जाते थे।
अभिरक्षा में ली गई महिला की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से पायल, बिछिया, सोने का मंगलसूत्र, सोने की नथनी, ₹1,32,850 नकद तथा 02 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। बिहार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शादी से जुड़े किसी भी प्रस्ताव में पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
















