दूसरे दिन निवर्तमान अध्यक्ष ने भरा नामांकन, समर्थकों की उमड़ी भीड़
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
मुरारपट्टी पंचायत में चल रहे प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति (पैक्स) अध्यक्ष पद के चुनाव में दूसरे दिन यानी 7 मार्च को जोरदार राजनीतिक गतिविधि देखने को मिली। निवर्तमान अध्यक्ष सकलदेव चौबे ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थित नामांकन काउंटर पर अपना नामांकन पत्र सफलतापूर्वक जमा कर दिया। नामांकन के दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा परिसर उत्साह और जोश से भर गया। सकलदेव चौबे वर्तमान में पैक्स के अध्यक्ष हैं और पिछले कार्यकाल में उन्होंने संस्था की कार्यप्रणाली में कई सुधार किए हैं। स्थानीय किसानों और सदस्यों के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नामांकन के समय सैकड़ों समर्थक नारे लगाते हुए उनके साथ पहुंचे। चौबे ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि वे फिर से चुने जाने पर पैक्स को और मजबूत बनाने, किसानों को समय पर ऋण व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इनके अलावा बसदेवा निवासी राहुल यादव ने भी दूसरे दिन नामांकन पत्र दाखिल किया। पहले दिन पूर्व मुखिया अशोक यादव और उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने नामांकन किया था। अब सकलदेव चौबे और राहुल यादव के नामांकन के साथ चुनाव में मुकाबला साफ नजर आ रहा है। चारों प्रत्याशियों का मजबूत राजनीतिक और सामाजिक आधार होने से यह चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। बता दें कि पैक्स चुनाव के लिए नामांकन अवधि 6 मार्च से 8 मार्च तक थी। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रुटनी) 9 एवं 10 मार्चको होगी। नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन के लिए 11 मार्च की तिथि निर्धारित है। वहीं मतदान एवं मतगणना 18 मार्च को होना है। प्रशासन ने सभी प्रक्रियाओं को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। अब देखना है कि चार प्रत्याशियों में से कौन-कौन मैदान में बने रहते हैं। मुरारपट्टी पंचायत के किसान और पैक्स सदस्य इस चुनाव को काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं, क्योंकि पैक्स संस्था कृषि कार्यों के लिए ऋण, बीज, खाद, कृषि उपकरण आदि की व्यवस्था करती है। फिलहाल, सकलदेव चौबे के नामांकन और उनके समर्थकों के उत्साह ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।










