डीएम के आदेश पर रहशू मंदिर से हटाई गईं 7 स्थाई दुकानें
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के थावे स्थित प्रसिद्ध रहशू मंदिर परिसर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात स्थाई दुकानों को हटा दिया। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के आदेश पर रविवार को की गई।
बताया गया कि बीडीओ अजय प्रकाश राय और थावे टीओपी पुलिस के प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रहशू मंदिर के पीछे बनी सात स्थाई दुकानों को पूरी तरह हटा दिया।
बीडीओ अजय प्रकाश राय ने बताया कि हाल ही में मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद डीएम ने दुकानों को हटाने और आरोपित दुकानदारों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। आदेश के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर के पीछे की सात स्थाई दुकानों के साथ-साथ गेट के सामने लगी आठ अस्थाई दुकानों को भी हटा दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। मंदिर के आगे एक और पीछे तीन, कुल चार कैमरे लगाने का काम तेजी से चल रहा है।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद मंदिर परिसर में व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है और श्रद्धालुओं को अब बिना किसी परेशानी के पूजा करने की सुविधा मिलेगी।










