ईद-उल-फितर पर गले मिलकर दिया भाईचारे का संदेश, कांग्रेस के पंडाल में जुटे कई दलों के नेता
बांदा। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जिले में आपसी सौहार्द और भाईचारे की शानदार तस्वीर देखने को मिली। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में बाबूलाल चौराहा स्थित ईदगाह के पास लगाए गए पंडाल में लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ की।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए राजेश दीक्षित ने कहा कि ईद-उल-फितर का त्यौहार प्रेम, करुणा और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यह पवित्र पर्व खुशियों, दुआओं और बरकतों से भरा होता है, जो हर किसी के जीवन में शांति, भाईचारा और समृद्धि का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर अब तक हिन्दू-मुस्लिम एकता की परंपरा कायम रही है और लोग मिलकर एक-दूसरे के त्योहार मनाते आए हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृष्णा पटेल और शिव शंकर पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता भी कांग्रेस के पंडाल में पहुंचे और सभी से कुशलक्षेम जानी। वहीं मधुसूदन कुशवाहा, ओम नारायण त्रिपाठी, एजाद खान, समीम बान्दवी समेत कई सपा नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
इसके अलावा कांग्रेस जिला महिला अध्यक्ष सीमा खान, जिला महामंत्री/मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन संजय गुप्ता, इरफान खान, मुमताज अली, प्रमोद गुप्ता राजा, राजू गुप्ता, बाबू गुप्ता, राजेश गुप्ता पप्पू, मेहंदी हसन, शाद खान, लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ईद के इस मौके पर बांदा की गंगा-जमुनी तहजीब एक बार फिर देखने को मिली, जहां विभिन्न दलों के नेता और आम लोग एक मंच पर आकर भाईचारे और एकता का संदेश देते नजर आए।










