पड़ोसियों ने घर में घुसकर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
गोपालगंज/कटेया: जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित अरुण पाण्डेय ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने उनके घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि 3 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे अरुण पाण्डेय अपने दरवाजे पर बैठे थे, तभी गांव के ही कुछ लोग—शिवचंद्र गुप्ता, शिवचंद्र गुप्ता का पुत्र, ज्ञानेंद्र गुप्ता समेत अन्य—उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी धमकाया गया। घटना के बाद घायल को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल कटेया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और जाते-जाते धमकी दी कि अगर मामला उठाया तो अंजाम और भी बुरा होगा।
इस घटना को लेकर कटेया थाने में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।












