नौतन के रहीमपुर में बंदर का आतंक, एक सप्ताह में 9 लोग घायल
नौतन। स्थानीय थाना क्षेत्र के रहीमपुर गांव में एक उन्मादी बंदर ने आतंक मचा रखा है। यह बंदर पिछले एक सप्ताह से गांव में घरों की छतों और पेड़ों पर डेरा जमाए हुए है और आए दिन लोगों पर हमला कर रहा है। इस हमले में अब तक गांव के कम से कम 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं तथा लहूलुहान हो गए हैं।घायलों में उमेश साह, जिउत राजभर, बिरेंद्र यादव, सुदामा कानू, मोहन प्रसाद, रोनक कुमार, टीमल साह, कृष्णा साह और सुनील यादव शामिल हैं। ग्रामीण बताते हैं कि बंदर अचानक झपट्टा मारकर काट खाता है, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग विशेष रूप से डरे हुए हैं। गांव में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग से बंदर को पकड़ने की गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि ऐसे हिंसक बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाना चाहिए। साथ ही, बंदर के काटने पर तुरंत घाव धोकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवानी जरूरी है, वरना रेबीज जैसा घातक संक्रमण हो सकता है।
क्षेत्र में बंदरों की समस्या आम हो गई है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कुछ साल पहले भी नौतन बाजार में ऐसा ही मामला सामने आया था, जिसमें एक बंदर ने दर्जन भर लोगों को घायल किया था। उम्मीद है कि इस बार प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को राहत प्रदान करेगा।












