विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग का भव्य स्वागत, मंत्री अशोक चौधरी और किशोर कुणाल ने की पूजा-अर्चना।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज स्थित बल्थरी चेक पोस्ट पर आज उस समय भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा, जब विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग का जिले में आगमन हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल (सायान कुणाल) ने संयुक्त रूप से शिवलिंग की विशेष पूजा-अर्चना की। यह विशाल शिवलिंग उत्तर प्रदेश से चलकर बिहार पहुंचा है, जिसे पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में निर्माणाधीन ‘विराट रामायण मंदिर’ में स्थापित किया जाएगा। पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर गोपालगंज के जिलाधिकारी (DM) पवन सिन्हा सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जैसे ही शिवलिंग का काफिला चेक पोस्ट पर पहुँचा, जय शिव के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। मंत्री अशोक चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है और विराट रामायण मंदिर विश्व पटल पर राज्य की नई पहचान बनेगा।












