अनियंत्रित पिकअप वाहन की चपेट में आया बाइक सवार अधेड़, 5 सौ मीटर घिसटते हुए यूपी की सीमा में मौत
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट


स्थानीय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर उच्च विद्यालय के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वाहन की चपेट में बाइक सवार अधेड़ आ गया और घिसटते हुए उत्तर प्रदेश के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भवानी छापर स्थित जीन बाबा के स्थान के समीप पहुंचकर उसकी मौत हो गई। मृत अधेड़ गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी शिवशंकर शर्मा पिता स्वर्गीय राम ध्यान शर्मा बताया जा रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 4 मार्च 2026 होली के दिन उक्त अधेड़ अपने गांव के ही नूरी पड़ित उर्फ उपेंद्र पड़ित पिता स्वर्गीय जंगी पड़ित को बाइक पर लेकर उत्तर प्रदेश के भवानी छापर बाजार कुछ सामान लेने जा रहे थे। तभी जगदीशपुर उच्च विद्यालय के समीप पीछे से उत्तर प्रदेश की ओर जा रही पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सहित पीछे बैठे नूरी पड़ित दूर जा गिरे। वहीं बाइक चला रहे शिवशंकर शर्मा का कपड़ा पिकअप वाहन में फंस गया और पिकअप वाहन उनको घसीटते हुए वहां से लगभग 5 सौ मीटर दूर तक ले गया। पिकअप वाहन उत्तर प्रदेश की सीमा में श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भवानी छापर जीन बाबा के चहारदीवारी में जोरदार टक्कर मारी, जहां घिसटते पहुंचे अधेड़ की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं जगदीशपुर उच्च विद्यालय के समीप घायल पड़े अधेड़ को आसपास के लोगों द्वारा स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया।श्रीरामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर मृतक की पत्नी मीना देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।










