बैरगनिया नगर परिषद की सामान्य बैठक में विकास से जुड़े कई प्रस्ताव पारित
(सीतामढ़ी)। नगर परिषद, बैरगनिया की सामान्य बैठक शनिवार को परिषद सभाकक्ष में सभापति सिंधु गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में रीगा विधायक बैधनाथ प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की शुरुआत गत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि से हुई। इसके उपरांत शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। परिषद ने आवास विहीन परिवारों के लिए बहुमंजिली आवास निर्माण की योजना पर भी सहमति जताई, ताकि जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा जौहरीमल छात्रावास परिसर में खेल का मैदान निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बैठने के लिए बेंच क्रय करने, सभी वार्डों में सायनेज (संकेतक बोर्ड) लगाने तथा नगर के प्रवेश मार्गों पर वेलकम गेट स्थापित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मानदेय एवं दैनिक कर्मियों के वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही नगर विकास से जुड़े अन्य प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक के दौरान विधायक बैधनाथ प्रसाद ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार की योजनाओं में किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार की शिकायत गंभीर विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित लोगों को सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक समाप्ति के बाद नगर परिषद परिसर में सभापति सिंधु गुप्ता, उपसभापति धीरज कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन, सिटी मैनेजर एवं स्वच्छता पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।












