जीतेद्र पासवान को हुए उम्रकैद के फैसले के खिलाफ माले का प्रतिवाद मार्च राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप





विजयीपुर।
चर्चित अटल पांडेय हत्याकांड में माले नेता जितेंद्र पासवान व उनके दो साथियों को सुनाई गई उम्रकैद की सजा के विरोध में शनिवार को विजयीपुर में जिला स्तरीय प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने न्यायिक फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया।
यह प्रतिवाद भाकपा माले (लिबरेशन) तथा उसके छात्र-युवा संगठन इंकलाबी नौजवान सभा (इनौस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र-युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए।
वक्ताओं ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच और न्यायिक पुनर्विचार की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि फैसले की उच्च स्तरीय समीक्षा नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा के दौरान न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की गई और कहा गया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। आयोजकों ने बताया कि आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि प्रशासन की ओर से एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही।












