जमीन विवाद में फायरिंग मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के मांझा थाना क्षेत्र में जमीन कब्जे और फसल नुकसान को लेकर हुई हिंसक झड़प और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान (SP) विनय तिवारी के कड़े निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मांझा थानाध्यक्ष निरंजन कुमार की टीम ने कांड में संलिप्त 6 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। बीती 15 मार्च की शाम, शेख टोली ब्रह्म बाबा स्थान के पास दो पक्षों के बीच फसल के नुकसान और जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों ओर से मारपीट और खुलेआम फायरिंग की गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मौके से और आरोपियों की निशानदेही पर अवैध व लाइसेंसी हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। घटना की सूचना मिलते ही SP विनय तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया था। पुलिस की इस मुस्तैदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।










