कटेया: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, जलती चिता से पुलिस ने कब्जे में लिया शव, ससुर हिरासत में
गोपालगंज जिले के कटेया प्रखंड के डीह बगही गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान पंचायत राज रामदास बगहीं के डीह बगही गांव निवासी बलराम बीन की पत्नी इंदु देवी (लगभग 36 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि इंदु देवी की शादी करीब 17 वर्ष पहले हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें 16 वर्ष और 8 वर्ष की दो बेटियां तथा 12 वर्ष का एक बेटा शामिल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मृतका के ससुर रामसागर बीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो पाएगा। वहीं घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग इसे संदिग्ध मान रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।










