नई चेतना अभियान के तहत जीविका दीदियों की एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
गोपालगंज। आज दिनांक 05 जनवरी 2026 को नई चेतना अभियान – खेल से सशक्तिकरण की ओर के अंतर्गत जीविका दीदियों की एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरौली के प्रांगण में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री कुमार विवेक निशांत तथा अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का सशक्त जरिया भी है। उन्होंने जीविका दीदियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलती है।
पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समन्वय और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है तथा महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए ऐसे मंच निरंतर मिलते रहना चाहिए।
क्रिकेट प्रतियोगिता में विभिन्न प्रखंडों से आई जीविका दीदियों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।












