समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन, विभिन्न मामलों की हुई सुनवाई
गोपालगंज। आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार समाहरणालय सभा कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय द्वारा की गई। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, कॉलोनी विवाद तथा शिक्षा विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान मोहम्मद सुलेमान (उम्र 55 वर्ष), ग्राम बनिया गोकुल, प्रखंड कुचायकोट द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में जोगिंद्र ओझा (उम्र 60 वर्ष), ग्राम इसूवापुर ओझा टोला, प्रखंड कुचायकोट द्वारा कॉलोनी विवाद का मामला रखा गया।
अनिरुद्ध गिरी (उम्र 55 वर्ष), ग्राम मैथवलिया खास, प्रखंड उचकागांव ने भूमि विवाद से संबंधित अपनी समस्या रखी। वहीं नमिता देवी (उम्र 40 वर्ष), प्रखंड गोपालगंज द्वारा शिक्षा विभाग में पोस्टिंग से संबंधित विषय पर आवेदन दिया गया। इसके अतिरिक्त हंसनाथ गोंड (उम्र 50 वर्ष), ग्राम संसारपुर, प्रखंड भोरे, अंबुजेश तिवारी (उम्र 58 वर्ष), ग्राम गौसिया, प्रखंड मांझा तथा राजदेव पंडित (उम्र 70 वर्ष), ग्राम पोखरभिंडा महुवा, प्रखंड कुचायकोट द्वारा भूमि विवाद से संबंधित मामले प्रस्तुत किए गए।
अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय ने सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अंचलाधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर देना है, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान हो सके।
— जिला जन-संपर्क कार्यालय, गोपालगंज












