जिला पदाधिकारी के प्रतीकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन, आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी के प्रतीकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना तथा उनका त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना रहा। जनता दरबार में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। सदानंद महतो, प्रखंड सिधवलिया, ग्राम बिशनपुरा द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में लखीचंद सह, प्रखंड बैकुंठपुर, ग्राम खुरमपुर द्वारा भी भूमि विवाद का मामला रखा गया। इसके अतिरिक्त अजीज मियां, प्रखंड भोरे द्वारा इंद्रा आवास से संबंधित समस्या जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गई। वहीं अलाउद्दीन मियां, उम्र 38 वर्ष, ग्राम रामपुर माधो, प्रखंड कुचायकोट द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया गया। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने जनता दरबार में उपस्थित सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार जिला प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गौरव कुमार एवं अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय भी उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने भी फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा जिला पदाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की बात कही। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि भूमि विवाद एवं आवास से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अंचल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की स्थलीय जांच कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि आमजनों को न्याय मिल सके।












