गोपालगंज समाहरणालय में जनता दरबार, डीएम पवन कुमार सिन्हा ने सुनीं लोगों की समस्याएं
आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय के प्रतीकोष्ठ में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें डीएम के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में डीएम ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटारा करना है।
जनता दरबार में आए आवेदनों में कुचायकोट प्रखंड के पुरखास गांव निवासी शंभू साह ने भूमि विवाद से जुड़ा आवेदन दिया। वहीं विजयीपुर प्रखंड के सरैया गांव निवासी प्रवीण शर्मा और थावे प्रखंड के संजय सिंह ने भी भूमि विवाद से संबंधित मामले डीएम के समक्ष रखे। जिला पदाधिकारी ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, भूमि अतिक्रमण, राजस्व से जुड़ी समस्याएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें भी जनता दरबार में सामने आईं। डीएम ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।










