बांदा में काली फिल्म पर चला चाबुक, एसपी के निर्देश पर सघन अभियान
बांदा: जनपद में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पलाश बंसल के निर्देशन में यातायात पुलिस ने चारपहिया वाहनों में लगी अवैध काली फिल्मों के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कई वाहनों से अवैध काली फिल्म हटाई गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काली फिल्म लगाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है और सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक करते हुए समझाया गया कि काली फिल्म से दृश्यता कम होती है, जिससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों में अवैध काली फिल्म न लगाएं और जनपद में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं जिम्मेदार नागरिकों ने अभियान की सराहना की है।










