नौतन थाना क्षेत्र में बढ़ी चोरी की घटनाएं, सिसवां में दुकान से 35 हजार की संपत्ति चोरी

नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के सिसवा मोड पर एक दवा की दुकान से नकदी चांदी के सिक्के एवं बैट्री सहित लगभग 35 हजार रुपए मूल्य की संपत्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर दवा दुकानदार ने थाने में लिखित आवेदन देकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार जगदीशपुर गांव निवासी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिदिन की भांति 20 मार्च 2026 की संध्या 7:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। 21 मार्च 2026 को सुबह में सिसवा मोड़ के लोगों ने उन्हें मोबाइल फोन पर सूचना दिया कि उनके दवा दुकान का चैनल नीचे से फैला दिया गया है। सूचना मिलते ही पीड़ित दुकान पर पहुंचे और ताला खोल कर देखा तो पाया कि दुकान की दराज में रखें 7 हजार रुपए नकद, 7 चांदी के सिक्के तथा एक एक्साइड कंपनी की बैट्री आदि चोरी कर लिये गये हैं। इसके बाद उन्होंने नौतन पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।










