दीप प्रज्वलन के साथ बैंक ऑफ़ बड़ौदा की चोरौत शाखा का उद्घाटन
हर-हर महादेव चौक हाई स्कूल के समीप बैंक ऑफ़ बड़ौदा की नई शाखा का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं अंचल प्रमुख श्री सुब्रत कुमार स्वामी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। यह शाखा दरभंगा क्षेत्र की 68वीं शाखा के रूप में प्रारंभ हुई है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में सम्मानित ग्राहक, स्थानीय व्यापारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक शाखा के खुलने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय व्यापारियों को ऋण सुविधा मिलने से उनके व्यवसाय का विस्तार होगा तथा युवाओं और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं की सुलभ उपलब्धता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अंचल प्रमुख श्री स्वामी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराना बैंक का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी बैंक की सेवाओं का लाभ उठाएँ और अन्य लोगों को भी औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में चोरौत में बैंक ऑफ़ बड़ौदा का केवल ग्राहक सेवा केंद्र संचालित होता था। सीमित संसाधनों के कारण ग्रामीणों को पूर्ण निकासी में कठिनाई होती थी तथा संचालक को 13 किलोमीटर दूर पुपरी शाखा से नकदी लानी पड़ती थी। अब पूर्ण शाखा खुल जाने से लगभग 15 हजार खाताधारकों को बेहतर एवं सुगम बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी और भीड़-भाड़ की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर एसडीएम श्री गौरव कुमार, डीएसपी सुनीता कुमारी, बीडीओ श्री अमित कुमार अमन, सीओ श्री रमेश कुमार, प्रमुख श्रीमती वीभा राउत, जिला पार्षद श्री नवल किशोर राउत, प्रमुख प्रतिनिधि श्री सुनील कुमार राउत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।












