गुरगवा में अवैध खनन का खेल, ओटीपी के बिना हो रही ओवरलोडिंग
बांदा जनपद में खनन माफियाओं के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि उनको कानून के डंडे और प्रशासन की कार्यवाही की जरा भी भय नहीं है। दबंगई के बल पर बिना ओटीपी के खदान चलाना आम बात हो चुका है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग की है।
सीएम को भेजे शिकायती पत्र में पैलानी तहसील क्षेत्र के ग्राम सिंधनकला निवासी सत्यम कुमार तिवारी पुत्र अरविंद कुमार तिवारी ने बताया है कि ग्राम सिंधन कलां खादर में बालू ठेकेदार शशांक शेखर मिश्रा पुत्र पद्माकर मिश्रा निवासी विश्राम खण्ड गोमती नगर लखनऊ के द्वारा बिना जिलाधिकारी के आदेश के नदी की जलधारा में अवैध तरीके से खनन कार्य किया जा रहा है। खनन कर्ता के इस कार्य से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है। जिससे प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हो रही है। किसानों के खेतों से बालू भरे वाहनों की जबरन निकासी से किसानों की फसलें भी तबाह हो रही है। बस्ती के अंदर से वाहन निकलने से सड़के भी बर्बाद हो रही है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से कार्यवाही की मांग की है।










