मुरारपट्टी पैक्स चुनाव में पति-पत्नी पूर्व मुखिया दंपति ने दाखिल किया नामांकन
नौतन से फिरोज अंसारी क रिपोर्ट
प्रखंड क्षेत्र की मुरारपट्टी पंचायत में प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति (पैक्स) के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन ही दो प्रमुख प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया। इनमें मुरारपट्टी पंचायत के पूर्व मुखिया अशोक यादव और उनकी पत्नी मुन्नी देवी शामिल हैं। बता दें कि अशोक यादव और मुन्नी देवी दोनों ही इस पंचायत के मुखिया पद पर रह चुके हैं। अशोक यादव ने पहले मुखिया के रूप में अपनी सेवाएं दीं, जबकि मुन्नी देवी ने भी बाद में इस पद पर कार्य किया। पति-पत्नी दोनों का पंचायत राजनीति में लंबा अनुभव है, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इस बार दोनों एक ही पद के लिए आमने-सामने हैं, जिससे चुनावी माहौल और रोचक हो गया है। स्थानीय लोग इसे परिवार के भीतर की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के रूप में देख रहे हैं, जबकि यह पैक्स की बेहतरी के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नामांकन प्रखंड मुख्यालय परिसर में बनाए गए विशेष काउंटर पर जमा किया गया। पैक्स चुनाव नामांकन अवधि 6 मार्च से 8 मार्च तक होना है।इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रुटनी) 9 एवं 10 मार्च को होगी। नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन के लिए 11 मार्च की तिथि निर्धारित है। वहीं मतदान एवं मतगणना 18 मार्च को संपन्न हो जाएगा। बता दें कि पैक्स संस्था किसानों को सस्ते ऋण, बीज, खाद एवं अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाती है। इसलिए इस चुनाव का स्थानीय कृषि समुदाय पर गहरा असर पड़ता है। दोनों प्रत्याशियों के मजबूत राजनीतिक बैकग्राउंड के कारण उम्मीद है कि चुनाव में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। नामांकन के अंतिम दिनों में मैदान में उतरने वाले के अन्य प्रत्याशियों के आने के बाद मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है। नामांकन के बाद पूर्व मुखिया अशोक यादव ने कहा कि लोग उम्मीद जता रहे हैं कि नया अध्यक्ष चुने जाने के बाद पैक्स की कार्यशैली में पारदर्शिता आएगी और सुधार होगा, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सकेगा। फिलहाल, अशोक यादव और मुन्नी देवी के नामांकन से मुरारपट्टी पंचायत में चुनावी चर्चा छाई हुई है।










