पुरानी रंजिश में पति-पत्नी पर हमला, 9 लोगों पर मारपीट का आरोप
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के रहीमपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक पति-पत्नी को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिए जाने की घटना सामने आई है। यह मामला 1 जनवरी 2026 की सुबह का है, जब नववर्ष के पहले ही दिन गांव में हिंसा की यह वारदात हुई। घायल महिला गायत्री देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पीड़िता ने बताया कि वे सुबह जालावन की लकड़ियां लेकर घर लौट रही थीं। तभी उनके पटीदार पुरानी दुश्मनी के कारण 7-8 लोगों की संख्या में उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। यह देखकर उनके पति भागीरथी राजभर बचाव के लिए दौड़े आए। लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। दोनों पति-पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़िता गायत्री देवी ने शिकायत में कुल 9 लोगों को आरोपी बनाया है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। गांव में पुरानी दुश्मनी का यह विवाद काफी समय से चला आ रहा है, जो अब हिंसक रूप ले चुका है। इस संबंध में नौतन अपर थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि घायल महिला का लिखित आवेदन थाने में प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












