गोपालगंज: NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, गश्ती दल की जीप को ट्रक ने मारी टक्कर; 3 पुलिसकर्मी घायल।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के NH-27 स्थित बंजारी मोड़ के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गश्ती गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जीप में सवार तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, नगर थाने की पुलिस टीम सुबह के समय नियमित गश्ती पर निकली थी। जैसे ही पुलिस की जीप बंजारी मोड़ के पास पहुँची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से घायलों को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। फिलहाल घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान: “मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी ट्रक चालक की पहचान की जा सके और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।”










