विजयीपुर में “मेरा युवा भारत” खेल महोत्सव: कबड्डी में हथुआ की धमाकेदार जीत, बेटियों ने लहराया परचम







विजयीपुर/गोपालगंज:
प्रखंड के हाई स्कूल विजयीपुर परिसर में 28 फरवरी व 1 मार्च को “मेरा युवा भारत” कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेरा युवा भारत, गोपालगंज के तत्वावधान में जिला युवा अधिकारी श्वेता सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जबकि संचालन विजयीपुर टीम के गोलू यादव ने किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि अखिलेश मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं अब हर मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि “आज बेटियां हर क्षेत्र में संघर्ष कर जीत का परचम लहरा रही हैं।”
कबड्डी मुकाबले में हथुआ टीम ने मारण घाट की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं हाई स्कूल मुसहरी और विजयीपुर के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में श्वेता की टीम ने 8 अंकों से जीत दर्ज कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
रिले दौड़ और बैडमिंटन में भी दिखा दम
रिले दौड़ में चार टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें गुड़िया कुमारी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में अमृता तिवारी (पिता मिथिलेश) ने प्रथम और अंकिता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को मेडल, कप और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष आनंद, रेनु कुमारी, जुगेश, शिवम, मनिस सर, मोनिका मैडम, लक्ष्मी यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
दर्शकों की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया। आयोजक युवा नेता गोलू यादव ने बताया कि भविष्य में भी महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल सके।
विजयीपुर की धरती पर खेल का यह उत्सव न केवल प्रतिभाओं को पहचान दिला रहा है, बल्कि बेटियों के हौसलों को भी नई उड़ान दे रहा है।










