सोशल मीडिया पर कट्टे के साथ वीडिया बनाना पड़ा महंगा:सिंहवाड़ा पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ्तार किया, देसी कट्टा बरामद; 2 फरार

दरभंगा के सिंहवाड़ा में सोशल मीडिया पर हथियार लहराते युवकों का एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 20 नवंबर 2025 की शाम की है।सिंहवाड़ा थाना प्रभारी बसंत कुमार चुनाव के बाद विधि-व्यवस्था की समीक्षा और विशेष गश्ती पर थे, तभी उन्हें इंस्टाग्राम आईडी ‘silentkillerkrish2007’ से पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला। वीडियो में टोटो पर सवार पांच युवक दिख रहे थे, जिनमें से एक अवैध हथियार (कट्टा) लहरा रहा था। जांच के बाद युवकों की पहचान भड़वाड़ा और कटका गांव के निवासियों के रूप में हुई। पुलिस ने छापेमारी कर दो को पकड़ा, थाना प्रभारी बसंत कुमार ने उपलब्ध पुलिस बल और CPMF जवानों के साथ तत्काल छापेमारी की। उन्होंने मुख्य आरोपी नितिश कुमार यादव और वीडियो पोस्ट करने वाले तारकेश्वर नाथ उर्फ कृष यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वीडियो में दिख रहा देसी कट्टा कटका निवासी मो. जुबैद के पास है।इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जुबैद के घर पर छापा मारा और उसके पलंग के बॉक्स से अवैध हथियार बरामद किया। साथ ही, वीडियो से जुड़े तीन स्मार्टफोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भड़वाड़ा निवासी नितिश कुमार यादव (पिता दिग्विजय यादव), भड़वाड़ा निवासी तारकेश्वर नाथ उर्फ कृष यादव (पिता संजीव उर्फ भीम यादव) और मो. जुबैद (पिता मो. अब्दुल रहीम) के रूप में हुई है।हालांकि, भड़वाड़ा निवासी बादल कुमार (पिता स्व. शिवनाथ यादव) और टोटो चालक विक्की कुमार (निस्ता निवासी) अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। छापेमारी दल में थाना प्रभारी सिंहवाड़ा बसंत कुमार, ब्रह्मदेव दास, थाना रिजर्व बल और CPMF बल शामिल थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि नितिश कुमार यादव और कृष यादव के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की धाराएं भी शामिल हैं।इस पूरी कार्रवाई की जानकारी एसडीपीओ कमतौल शोभेंद्र कुमार सुमन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर सनसनी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने फरार दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।













