तेजस्वी यादव के सौगात को ठंडे बस्ते में डालना चाह रही है सरकार: दिलीप कुमार सिंह
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। राजद ने राज्य सरकार तथा उनके प्रतिनिधियों पर तेजस्वी यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट गोपालगंज मेडिकल कालेज को ठंडे बस्ते में डालने का कुचक्र रचने का आरोप लगाया है।
राजद के जिला अध्यक्ष तथा बरौली विधानसभा से प्रत्याशी रहे दिलीप कुमार सिंह ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के प्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विगत कुछ दिनों से ये लोग मेडिकल कालेज के नाम पर जानबुझ कर सिरफुटौव्वल कर रहें है ताकि तेजस्वी यादव द्वारा जिले को दिए गए सौगात पर विराम लग जाये तथा गोपालगंज में मेडिकल कालेज बने ही नही।
श्री सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव का सपना था कि उनके गृह जिले में एक मेडिकल कालेज की स्थापना हो, जिसे साकार करते हुए उन्होंने 2022 में उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए जिले में मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बदलते ही इस पूरे योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया ताकि तेजस्वी यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट पूरा नही हो सके।
उन्होंने कहा कि जो लोग आज मेडिकल कालेज के नाम पर सिरफुटौव्वल कर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, दरअसल उनकी मंशा है कि जिले में मेडिकल कालेज बने ही नही।
श्री सिंह ने कहा कि गोपालगंज में यथाशीघ्र मेडिकल कालेज के निर्माण चालू कराने, बरौली को अनुमंडल का दर्जा दिलाने, अनुमंडल पुलिस कार्यालय को सिधवलिया से स्थानांतरित कर बरौली में स्थापित करने तथा छपरा गोमतीनगर एक्सप्रेस का ठहराव रतनसराय स्टेशन पर करने की मांग को लेकर राजद जल्द ही जनांदोलन करेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए राजद के प्रधान महासचिव इम्तेयाज़ अली भुट्टो ने कहा कि एनडीए के नेता गोपालगंज में प्रस्तावित मेडिकल कालेज को लेकर तनिक भी गंभीर नही हैं तथा वे लोग आपस मे वाद-विवाद कर जिले के विकास को बाधित करना चाह रहे हैं।
श्री भुट्टो ने कहा कि सरकार तथा उनके प्रतिनिधियों को जिले की जनता को जवाब देना चाहिए कि जब मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा 2022 में ही तेजस्वी यादव ने कर दी थी तथा राशि का आवंटन भी कर दिया था तो किस परिस्थिति में आज तक इस योजना को ठंडे बस्ते में डाला गया है। सरकार तथा एनडीए नेताओं को गोपालगंज की जनता को इसका जवाब देना चाहिए।












