गोपालगंज: शराब पीने से मना करने पर युवक की पिटाई, थाने में दी शिकायत
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से मारपीट का एक मामला सामने आया है। बताया जाता है कि शराब पीने से मना करने पर कुछ लोगों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित ने मामले को लेकर कटेया थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुगुनू शाह के पुत्र जितेन्द्र शाह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 4 मार्च 2026 की शाम करीब 3 बजे वह अपने घर के पास खड़ा था। उसी दौरान गांव के कुछ लोग शराब के नशे में वहां पहुंचे और जब उसने इसका विरोध किया तो वे आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने आवेदन में गांव के कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने उसका इलाज कराया।
पीड़ित ने कटेया थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










