गोपालगंज: अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चतुर बहा गांव के पास कुछ लोग अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और तीन मोहानी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में जादोपुर थाने की विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर दो लोग भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हथियार उन्होंने अपने सहयोगी के साथ मिलकर खरीदा था और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
अभिषेक कुमार (पिता – सिकंदर ठाकुर)
मंटू कुमार (पिता – छबीला यादव)
पिंटू कुमार (पिता – सिपाही यादव)
तीनों आरोपी जादोपुर थाना क्षेत्र के चतुर बहा गांव के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में जादोपुर थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 13 मार्च 2026 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










