गोपालगंज: होली के दिन अधजले शव से सनसनी, विवाहिता की संदिग्ध मौत; दहेज हत्या का आरोप
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बेलही खास गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के पास एक विवाहिता का अधजला शव बरामद हुआ। होली पर्व की तैयारियों में जुटे ग्रामीणों के बीच यह खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने बताया कि इंद्रासन भगत के घर से कुछ दूरी पर एक महिला का अधजला शव पड़ा हुआ देखा गया। इसकी सूचना तत्काल कटेया थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया।
मृतका की पहचान बेलही खास गांव निवासी रविशंकर भगत की पत्नी गीता देवी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार गीता देवी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश के बघऊच थाना क्षेत्र के सेमरी बघउच निवासी विश्वनाथ कुशवाहा की पुत्री के रूप में हिंदू रीति-रिवाज के साथ रविशंकर भगत से हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने मृतका की सास, जो दूसरे घर में छिपी हुई थी, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष के अन्य लोग फिलहाल फरार हैं। मृतका का पति रविशंकर भगत भी घर पर मौजूद नहीं था और वह करीब चार महीने पहले ही बाहर काम करने चला गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।










