गोपालगंज पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में बेखौफ घूम रहे पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान (SP) विनय तिवारी के सख्त निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने अंतर-जिला पशु तस्कर गिरोह की कमर तोड़ दी है। सदर SDPO-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने माधवपुर, बरौली और मोहम्मदपुर थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। पुलिस की इस सुनियोजित घेराबंदी ने तस्करों को संभलने का मौका तक नहीं दिया, जिसके परिणामस्वरूप 7 शातिर तस्कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिए गए। पुलिस ने इस गिरोह के पास से तस्करी में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों का बड़ा जखीरा बरामद किया है जिसमे नकदी: 30,000 रुपये (अपराध की कमाई), वाहन: 1 ऑल्टो कार, 2 पिकअप वैन और 3 मोटर साइकिलें, अन्य सामग्री: 4 मोबाइल फोन, 2 मोटर और 1 गैस सिलेंडर।
अपराधियों के खिलाफ हमारा अभियान ज़ीरो टॉलरेंस पर आधारित है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है, जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।” — पुलिस प्रशासन, गोपालगंज
हालाँकि इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना सहित 7 लोग पकड़े गए हैं, लेकिन कुछ तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।










