गोपालगंज: मानवता शर्मसार, 10 वर्षीय मासूम से तीन दिनों तक दरिंदगी; आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट


गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मानवता को ताक पर रखकर एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने मासूमियत को अपनी हवस का शिकार बनाया। हथुआ थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ पिछले तीन दिनों से पैसों का लालच देकर शारीरिक शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को पैसों का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया और पिछले तीन दिनों से लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। जब मामले की भनक परिजनों और स्थानीय लोगों को लगी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हथुआ थानाध्यक्ष शोयब आलम ने तत्परता दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर 40 वर्षीय मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित बच्ची की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे तत्काल सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि:
”पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की सघन जांच जारी है। पीड़िता को उचित न्याय दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।










