गोपालगंज: एलपीजी गैस की किल्लत पर भड़का उपभोक्ताओं का गुस्सा, यादोपुर रोड पर जोरदार प्रदर्शन।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिला मुख्यालय के यादोपुर रोड स्थित शाही गैस गोदाम के समीप रविवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। पिछले कई दिनों से रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे दर्जनों उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से सिलेंडर के लिए लाइन में लग रहे हैं और अपना नंबर लगवा रहे हैं, लेकिन एजेंसी द्वारा उन्हें हर बार खाली हाथ लौटा दिया जा रहा है। कई दिनों तक इंतजार करने के बावजूद सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है। एजेंसी प्रबंधन द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।रसोई में गैस खत्म होने की वजह से घरों में चूल्हे ठंडे पड़े हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।गुस्साए उपभोक्ताओं ने स्थानीय प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने यादोपुर रोड को मुख्य रूप से जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उग्र लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग और गैस एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा ताकि गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल की जा सके। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराकर सड़क से जाम हटवाया।उपभोक्ताओं का कहना है की “हम सुबह से ही काम-काज छोड़कर लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन शाम को बोल दिया जाता है कि स्टॉक खत्म हो गया। प्रशासन को इस कालाबाजारी और किल्लत पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।”










