माड़ीपुर गांव में मारपीट मामले में प्राथमिकी
गोबर फेकने को लेकर 25 फरवरी को हुई थी मारपीट की घटना
पीड़ित ने गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दिया था फर्द बयान
फुलवरिया /गोपालगंज ।
फुलवरिया थाना क्षेत्र के माड़ीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित के लिखित बयान के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में महिला व पुरुष समेत कुल नौ लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार माड़ीपुर गांव निवासी हरिनाथ सिंह ने सदर अस्पताल गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में जख्मी हालत में फर्द बयान दिया था। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी की दोपहर उनकी पुत्री सलोनी कुमारी घर के पास गोबर उठा रही थी। इसी दौरान गांव के ही राम आशीष सिंह की पत्नी ब्यूटी देवी वहां पहुंचकर गाली-गलौज करने लगीं। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच भैंस बांधने के स्थान को लेकर तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई।आरोप है कि इसी दौरान घनश्याम सिंह, श्रीराम सिंह, महंत चौधरी, शोभा देवी सहित कुल नौ लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। इस हमले में हरिनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी समेत अन्य परिजनों को भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया।घटना के बाद स्वजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हरिनाथ सिंह की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।पीड़ित हरिनाथ सिंह ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनकी पत्नी के कान और गले से आभूषण भी छीन लिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच।पड़ताल की जा रही है।









