मांझागढ़ में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग, कई घायल — पुलिस ने शुरू की छापेमारी
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोड़ईनी बाबू टोला में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और गोलीबारी की घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 और मांझागढ़ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया है, जहां सभी घायलों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर कांड दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी है।










