भोरे में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
भोरे/ गोपालगंज
भोरे थाना क्षेत्र के तिलक डूमर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दो महिलाएं घायल हो गई। जिनका इलाज रेफरल अस्पताल भोरे में कराया गया। मामले को लेकर पीड़िता बिमला देवी के लिखित बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि गांव के ही उनके पाटीदार गोविंद पटेल, राहुल पटेल, लवकुश पटेल, मोहित पटेल, ठग कुर्मी, उषा देवी तथा रीना देवी उनके जमीन में जबरन नेव खोद रहे थे। जब महिला नेव खोदने से मना करने गई तो सभी आरोपितों ने फरसा, लोहे की रॉड, कुदाल, लाठी डंडा से जान मारने की नीयत से हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर उसकी दयादिन बचाने का प्रयास की तो मोहित पटेल ने कुदाल से उसके सर पर वार कर उसका सिर फोड़ दिया। दोनों महिलाओं के चिल्लाने पर गांव के लोग द्वारा बीच बचाव किया गया। इसी बीच दोनों महिलाओं के गले से आरोपितों ने सोने की चेन और मोबाइल भी छीन ली और धमकी दी कि गांव में रहना है तो पच्चास हजार दो तब रहने देंगे। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।












