नाबालिग बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज आरोप, पिता ने थाने में दी तहरीर
गोपालगंज।
कटेया थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्ची के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही एक युवक और उसके परिजनों पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करकटहा गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री 15 जनवरी की शाम घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने संदेह के आधार पर गांव के ही युवक शिवनारायण भगत और उसके परिवार पर अपहरण का आरोप लगाया।
पीड़ित पिता का कहना है कि आरोपी युवक पहले से ही उसकी बेटी से बातचीत करता था और नाबालिग होने के बावजूद शादी का दबाव बना रहा था। घटना के बाद से आरोपी पक्ष का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
पीड़ित ने पुलिस से नाबालिग बच्ची की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कटेया थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद गांव में चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।












