यूरिया की कालाबाजारी पर फूटा किसानों का गुस्सा, विजयीपुर में निकली ‘किसान हुंकार रैली’
विजयीपुर/गोपालगंज।
यूरिया खाद की कालाबाजारी के खिलाफ शुक्रवार को विजयीपुर में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखा। सैकड़ों किसान ट्रैक्टरों के साथ माड़र घाट से नवतन मोड़ तक मार्च करते हुए ‘किसान हुंकार रैली’ में शामिल हुए। रैली का नेतृत्व कौशल किशोर सिंह उर्फ सोनू सिंह ने किया।
रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रशासन और बिहार सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की, ताकि किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया मिल सके। किसानों का आरोप है कि बाजार में यूरिया ₹450–₹500 प्रति बोरी तक बिक रहा है, जबकि सरकारी दर इससे कम है।
किसानों ने बताया कि एक सप्ताह पहले स्थानीय संवाददाताओं के माध्यम से प्रखंड कृषि पदाधिकारी को समस्या से अवगत कराया गया था और कार्रवाई का आश्वासन मिला था, लेकिन उससे पहले ही विजयीपुर से यूरिया का गायब होना कई सवाल खड़े करता है। रैली में मौजूद किसानों का आरोप है कि विभागीय संरक्षण में कालाबाजारी चरम पर है।
पूर्व में भी ज्ञापन सौंपे जाने का हवाला देते हुए किसानों ने कहा कि आज सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में पुनः ज्ञापन देकर ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।












