बैकुण्ठपुर के फैजुल्लाहपुर को मिलेगा औद्योगिक पहचान का रास्ता, उद्यमियों के लिए बनेगा लैंड बैंक
गोपालगंज से ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव कि रिपोर्ट
बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लाहपुर को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के उद्देश्य से बैकुण्ठपुर के लोकप्रिय विधायक मिथिलेश तिवारी ने बिहार सरकार के माननीय उद्योग मंत्री डॉ० दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर फैजुल्लाहपुर को औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने तथा उद्यमियों के लिए लैंड बैंक स्थापित करने का प्रस्ताव सौंपा।
विधायक मिथिलेश तिवारी ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, रोजगार की संभावनाओं और स्थानीय युवाओं को मिलने वाले लाभों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र घोषित होने से न केवल स्थानीय स्तर पर उद्योगों की स्थापना होगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए माननीय उद्योग मंत्री डॉ० दिलीप जायसवाल ने गोपालगंज जिला पदाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में खुशी और उम्मीद की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि फैजुल्लाहपुर में औद्योगिक क्षेत्र और लैंड बैंक की स्थापना होती है, तो बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए अध्याय में प्रवेश करेगा और युवाओं को रोजगार के लिए बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा।












