जमीनी विवाद में महिला से मारपीट और आगजनी, चारा रखने वाले घर में लगाई आग
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के लाल पचमवा गांव में जमीनी विवाद को लेकर महिला से मारपीट और आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में पीड़िता के बयान पर तीन लोगों के विरुद्ध कटेया थाना पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार रामाशीष यादव की पत्नी बसंती देवी ने आरोप लगाया है कि 20 मार्च की शाम करीब तीन बजे करमैनी निवासी कमरुद्दीन अंसारी, जमीरा खातून और जसीमा खातून लाठी-डंडा लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जमीन छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
पीड़िता के अनुसार जब उन्होंने बताया कि उक्त जमीन उन्हें विधिवत लिखी गई है, तो आरोपित आक्रोशित हो गए और मारपीट करने लगे। इस दौरान बसंती देवी जमीन पर गिर गईं। आरोप है कि इसी बीच आरोपितों ने उनके गाय के चारा रखने वाले घर में आग लगा दी, जिससे करीब 30 हजार रुपये मूल्य का चारा जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं कटेया थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जमीनी विवाद में मारपीट और आगजनी की इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।










