मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा को लेकर डीएम–एसपी ने बरौली में विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
गोपालगंज। आज दिनांक 05 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की प्रस्तावित प्रगति यात्रा को ध्यान में रखते हुए बरौली प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण एवं समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में बिस्कोमान स्थित हेलीपैड, बरौली प्रखंड कार्यालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरौली में संचालित जीविका दीदियों की रसोई का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री कुमार विवेक निशांत, अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय, सिविल सर्जन श्री बीरेंद्र प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी बरौली, थाना प्रभारी, जिला प्रबंधक श्री धीरज कुमार, स्वास्थ्य डीपीएम तथा जीविका से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहे। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करें। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, जीविका रसोई की कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला प्रशासन द्वारा प्रगति यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है।












