डीएम ने प्रखंड कार्यालय, अस्पताल व थाने का किया औचक निरीक्षण
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत करते हुए उचित दिशा निर्देश दिये। सबसे पहले जिलाधिकारी ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर सभी कर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया। इसके बाद आरटीपीएस का निरीक्षण करते हुए कहा कि अनावश्यक तौर पर कोई भी आवासीय, जाति या आय प्रमाण पत्र बनाने का कार्य पेंडिंग नहीं रहना चाहिए। सभी सेवाओं का निर्धारित समय में निष्पादन करना सुनिश्चित करना है। कोई भी मामला अनावश्यक तौर पर लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अंचल कार्यालय में मौजूद सभी कर्मियों की उपस्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर उन्हें भी उचित दिशानिर्देश जारी किए। प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी स्वास्थ्य केंद्र से सीधे स्थानीय थाने का रुख किया। वहां पहुंचकर सभी मामलों की समीक्षा किया तथा मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करने की बात कही। थाने में किस-किस तरह के आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसकी भी जानकारी ली। वहीं शराब तस्करी सहित अन्य मामलों जब्त वाहनों की स्थिति का भी जायजा लिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी, थाना प्रभारी शशि रंजन एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।










