होली के रंग में घुला विवाद: दो समुदायों के बीच मारपीट, एक व्यक्ति घायल — पुलिस ने संभाली स्थिति
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में होली के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने कुछ देर के लिए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार (4 मार्च) को करीब 11 बजे दिन में ग्राम रिखई टोला के पास होली के मौके पर धूल-मिट्टी फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना में एक व्यक्ति फिरोज आलम (लगभग 40 वर्ष), पिता स्व. इसराइल मियां, निवासी रिखई टोला घायल हो गए। घायल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एआरटी (ART) बल की तैनाती की गई है तथा पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर निगरानी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इधर, गोपालगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि होली जैसे पावन और सामाजिक सौहार्द के पर्व को शांति, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।










