घने कोहरे ने ली 45 वर्षीय युवक की जान, साइकिल से गिरकर पुलिया में हुई दर्दनाक मौत
बांदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम घने कोहरे के कारण एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। छिरौंटा और महेदु गांव के बीच स्थित पुलिया के पास 45 वर्षीय युवक साइकिल से फिसलकर पुलिया के नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक देर शाम तेल पिराने के लिए चक्की गया था। काम निपटाकर जब वह साइकिल से वापस घर लौट रहा था, तभी घने कोहरे के चलते रास्ता दिखाई न देने के कारण वह अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और रात भर पानी में पड़े रहने से उसकी मौत हो गई।
इलाके में देर शाम से ही अत्यधिक कोहरा छाया होने के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह जब स्थानीय लोगों ने पुलिया के नीचे शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बांदा से सनम की रिपोर्ट












