तिलक समारोह में बवाल: भोजपुरी गाना बजाने को लेकर विवाद, दुल्हे के पिता आईसीयू में भर्ती
गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में तिलक समारोह के दौरान मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भोजपुरी गाना बजाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस घटना में दुल्हे के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात करीब 9 बजे रामपुर कला गांव निवासी जयप्रकाश पाण्डेय के बेटे का तिलक समारोह आयोजित था। आर्थिक रूप से संपन्न पाण्डेय परिवार द्वारा कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाया जा रहा था। समारोह में मनोरंजन के लिए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा बैंड को बुलाया गया था।
इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने ऑर्केस्ट्रा से भोजपुरी गाने बजाने की मांग की। लेकिन जयप्रकाश पाण्डेय ने पहले ही कार्यक्रम में भोजपुरी या अश्लील गीतों की प्रस्तुति न कराने का निर्देश दिया था। जब ऑर्केस्ट्रा संचालक ने युवकों को यह बात बताई तो वे भड़क उठे और हंगामा शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान जयप्रकाश पाण्डेय के सिर पर गंभीर चोट लग गई। उन्हें पहले कटेया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मारपीट में जयप्रकाश पाण्डेय के भाई पप्पू पाण्डेय और धर्मेन्द्र पाण्डेय के हाथ भी टूट गए, जबकि उनके भतीजे ऋषि पाण्डेय का सिर फट गया है।
घटना को लेकर जयप्रकाश पाण्डेय के छोटे पुत्र सूरज पाण्डेय ने कटेया थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में गांव के ही रामाशीष यादव, बिजली यादव, सुरेन्द्र यादव, नागेन्द्र यादव, अंकित यादव, विकास यादव, गाम्हा यादव और विशाल यादव सहित 20 अन्य अज्ञात लोगों पर मारपीट करने, सोने की चेन और नगद छीनने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब तक आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि घटना के पीछे बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चले राजनीतिक मतभेद भी एक वजह हो सकते हैं।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










