गांधी स्मारक विद्यालय में शुरू होगी कॉमर्स की पढ़ाई
भोरे/गोपालगंज
भोरे प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सत्र 2026-27 से कॉमर्स (वाणिज्य) संकाय की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। इस निर्णय से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अब तक भोरे एवं आसपास के छात्रों को कॉमर्स विषय की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक और समय संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही कॉमर्स की पढ़ाई उपलब्ध होने से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी। विद्यालय में कॉमर्स शुरू होने से छात्रों को अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज और अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बैंकिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, मैनेजमेंट सहित विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में करियर बनाने का रास्ता खुलेगा।
स्थानीय लोगों, अभिभावकों और छात्रों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर भी मिलेगा।












