मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

पटना। बिहार की सियासत में बुधवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा कार्यालय प्रकोष्ठ में राज्यसभा सदस्य के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान सत्तारूढ़ गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित भाजपा और जद (यू) के कई बड़े नेता उपस्थित रहे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ‘ललन सिंह’, जद (यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा तथा सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह “गांधी जी” भी नामांकन के दौरान मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में बिहार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। इस दौरान विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा के लिए नामांकन राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है, जिस पर आने वाले दिनों में राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज रहने की संभावना है।










