देवरिया के दर्जनभर प्रयासों पर भारी पड़ा बक्सर का गोलकीपर आक्रामक अंदाज में खेलने के बावजूद 1-0 से हारा देवरिया
ऑल इंडिया बच्चा राय उपेन्द्र राय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के दूसरे मुकाबले में बक्सर और देवरिया की टीमें आमने सामने थीं . जहां बक्सर ने देवरिया को 1-0 से हरा कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया. इससे पूर्व मुकाबले का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि आए उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार राय, डॉ. उज्ज्वल सिंह एवं पूर्व विधायक किरण राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं स्व. बच्चा राय तथा स्व. उपेन्द्र राय के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया. खेल की शुरुआत से हीं देवरिया की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया जिसका सामना विदेशी खिलाड़ियों से सुसज्जित बक्सर ने धैर्यपूर्वक पासिंग और गोलकीपर के शानदार बचाव से किया. खेल के 30वें मिनट में बक्सर की तरफ से जर्सी नं 21 में खेल रहे मनोज कुमार ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई जो आखिरकार निर्णायक साबित हुई. क्योंकि लगभग दर्जनभर कॉर्नर शॉट मिलने के बावजूद देवरिया की टीम बक्सर के गोलकीपर से पार नहीं पा सकी. खेल की आक्रामकता का अनुमान आप इसी बात से लगा सकते हैं कि बक्सर की टीम के जर्सी नं 04 के खिलाड़ी दावा और जर्सी नं 02 के खिलाड़ी कैस्क्रीज को 51 और 59 मिनट पर येलो कार्ड दिखाया गया वहीं देवरिया की तरफ से भी जर्सी नं 04 के खिलाड़ी गयासुद्दीन को 57वें मिनट पर येलो कार्ड मिला. इसके बाद खेल के आखिरी पलों में 80वें मिनट पर देवरिया के जर्सी नं 15 के खिलाड़ी करन को रेड कार्ड दिखाया गया. अपने शानदार बचाव से टीम को जीत दिलाने वाले बिहार स्टेट प्लेयर एवं बक्सर टीम के गोलकीपर सन्नी राज को प्लेयर ऑफ द मैच के रूप में अंजन पुरस्कार दिया गया. टूर्नामेंट के अगले नॉकआउट मैच में मंगलवार को रांची और उत्तराखंड की टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आएंगी.
बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच हुए इस मैच का आनंद उठाने के लिए उद्योगपति विजय दूबे, करकटहां पंचायत के मुखिया कमलेश भारती, बीडीसी श्रवण यादव, कोरेयां मुखिया सुनील कुमार उर्फ टन्नू राय, चेयरमैन नगर पंचायत कटेया राजेश कुमार उर्फ डल्लू राय, जिलापरिषद अध्यक्ष अमित कुमार राय उर्फ अंकू राय, पूर्व जिप सदस्य नीरज कुमार राय उर्फ मुकुल राय सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन की तरफ से आए रेफरी विशाल कुमार, दिनेश गुप्ता, राहुल कुमार, मनीष कुमार एवं रेफरी ऑब्जर्वर धर्मनाथ यादव ने एक स्तरीय एवं निष्पक्ष मुकाबला कराने में अपना सराहनीय योगदान दिया.










