भारी मात्रा में देशी शराब के साथ बोलेरो जब्त, चालक फरार
गोपालगंज
कटेया थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में त्रिलोकवा के समीप वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई, जबकि चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कटेया थाना पुलिस की टीम त्रिलोकवा के पास नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका और अचानक उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस बल द्वारा उसका पीछा किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
इसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें 67 कार्टूनों में छुपाकर रखे गए 3097 पीस देशी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 619.4 लीटर आंकी गई है। मौके से बोलेरो वाहन समेत शराब को जब्त कर थाने लाया गया।
पुलिस ने फरार चालक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












