मीरगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: कृष्णा सिंह हत्याकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल बरामद
गोपालगंज, 31 मार्च 2026 — मीरगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कृष्णा सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 मार्च 2026 को मीरगंज थाना क्षेत्र के हुसैना कुशोपी मुख्य मार्ग पर कृष्णा सिंह और नागेन्द्र सिंह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में आक्रोश का माहौल था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया। पुलिस ने लगातार CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचनाओं के आधार पर मात्र 7 दिनों के अंदर इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी और इसके लिए करीब 20 लाख रुपये में सुपारी दी गई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 01 देसी कट्टा, 01 कारतूस, 01 मोटरसाइकिल और 05 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को लेकर इलाके में पुलिस की जमकर सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
**इस खुलासे से मीरगंज क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है










