गोपालगंज: थावे मंदिर चोरी कांड का बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी शरीफ साईं समेत 4 गिरफ्तार; कीमती आभूषण बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक, थावे दुर्गा मंदिर के गर्भगृह में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस कप्तान (SP) विनय तिवारी के कुशल नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने कार्रवाई करते हुए मुख्य चोर शरीफ साईं समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए माता के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी बरामद कर लिए हैं। मंदिर की सुरक्षा और आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को लेकर एसपी विनय तिवारी ने खुद कमान संभाली थी। पुलिस की छापेमारी में मंदिर के गर्भगृह से चोरी किए गए सोने के मुकुट का हिस्सा, सोने के नेकलेस (हार) का भाग, चांदी का बड़ा हार, चांदी की छतरी बरामद किए गए हैं। एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि इस पूरे गिरोह का जाल फैला हुआ था।ताजा कार्रवाई में पकड़े गए चार अपराधियों के साथ, इस कांड में अब तक कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी शरीफ साईं की गिरफ्तारी को पुलिस इस केस की सबसे बड़ी कड़ी मान रही है। ”मंदिर में चोरी की घटना न केवल एक अपराध थी, बल्कि जन-आस्था पर चोट थी। हमारी टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुँचने में सफलता पाई है। बरामद सामानों की पहचान कर ली गई है।” — विनय तिवारी, एसपी, गोपालगंज
पुलिस अब इस मामले में ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) की तैयारी कर रही है। इसके लिए सभी आवश्यक कानूनी दस्तावेज और साक्ष्य मजबूती से कोर्ट में पेश किए जाएंगे ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।












